
जमशेदपुर: एसोसिएशन ऑफ झारखंड यूनाइटेड प्राइवेट एजुकेशन इंस्टीट्यूशन ने साफ कर दिया है कि वे किसी कीमत पर लॉक डाउन की अवधि में बच्चों का फीस माफ नहीं करेंगे. इंस्टिट्यूशन ने केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय के उस आदेश का हवाला देते हुए कहा है जिसमें जिक्र किया गया है कि निजी स्कूल लॉक डाउन की अवधि में स्कूल फीस में बढ़ोतरी ना करें, एवं अभिभावकों पर तत्काल फीस जमा करने का दबाव न बनाएं. इंस्टिट्यूशन ने इस पर सहमति देते हुए ऐलान किया है, कि शहर के निजी शिक्षण संस्थान लॉक डाउन की अवधि में अतिरिक्त फीस नहीं बढ़ाएंगे ना ही वे अभिभावकों पर अगस्त 2020 तक फीस देने का दबाव बनाएंगे. इंस्टिट्यूशन ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्कूल मेंटेनेंस के दौरान होने वाले खर्चों का एवं अपने शिक्षकों एवं कर्मियों के वेतन का हवाला देते हुए कहा है, कि अगर निजी स्कूल उक्त अवधि का फीस माफ कर देते हैं तो उनके समक्ष रोजी-रोटी की समस्या आन पड़ेगी. ऐसे में स्कूल चलाना मुश्किल हो जाएगा. जारी विज्ञप्ति में इनके द्वारा यह भी कहा गया है कि मार्च 2020 से अगस्त 2020 के बीच जमा कराए गए फीस के एवज में लेट फाइन अभिभावकों से नहीं लिया जाएगा.















