
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला उपायुक्त अरवा राजकमल के द्वारा जानकारी दी गई कि कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण उत्पन्न इस वैश्विक महामारी के संकट काल में निःसहाय अति निर्धन परिवारों को भोजन एवं कोरोना वायरस के खिलाफ अग्र पंक्ति में खड़े रहकर आमजनों की हिफाजत करने वाले कोरोना वारियर्स को आवश्यक सुविधा उपलब्ध करवाने हेतु चाईबासा शहर स्थित संत जीवियर्स स्कूल परिवार के तरफ से जिला नजारत डीईजीएस आपदा कोष में जमा करने के लिए ₹1,50,000 की राशि का पृथक-पृथक चेक फादर सहाय् थेसन के नेतृत्व में विद्यालय के प्राचार्य के द्वारा जिला प्रशासन को दिया गया है।

संत जेवियर इंग्लिश स्कूल चाईबासा के द्वारा ₹50,000 का चेक, संत जेवियर मिडिल स्कूल के द्वारा ₹15,000 का चेक, संत ऐनी कॉन्वेंट चाईबासा के द्वारा ₹30,000 का चेक, संत जेवियर लुपुंगुट्टू के द्वारा ₹30,000 का चेक, संत जेवियर उच्च विद्यालय के द्वारा ₹25,000 का चेक जिला उपायुक्त को उनके कार्यालय कक्ष में विद्यालय के प्राचार्य के द्वारा सौंपा गया। इस अवसर पर जेवियर स्कूल परिवार के फादर के द्वारा वैश्विक महामारी के दौरान समस्त विश्व के कल्याण की प्रार्थना करते हुए लोगों से अपील की गई कि आप अपने घरों पर रहें, स्वास्थ्य विभाग/ गृह मंत्रालय, भारत सरकार/ राज्य सरकार के द्वारा निर्गत सभी आवश्यक निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें। हम सभी जिला प्रशासन के साथ मिलकर आपसी सहयोग एवं समन्वय से वायरस के संक्रमण के खिलाफ जारी लड़ाई को अवश्य जीतेंगे।







