
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त अरवा राजकमल के विशेष अनुरोध पर जिला स्थित सेल गुवा, किरीबुरू, मेघाहतुबुरू एवं मनोहरपुर तथा टाटा स्टील फाउंडेशन, एसीसी कंपनी के द्वारा उपलब्ध सीएसआर फंड के माध्यम से जिले के दूरदराज एवं सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में रह रहे अति निःसहाय एवं वंचित व्यक्तियों तक गर्म भोजन उपलब्ध करवाने हेतु जिला समाज कल्याण विभाग के सहयोग से ‘मुख्यमंत्री आंगनबाड़ी होमलेस भोजनालय’ का लोकार्पण महिला, बाल विकास, एवं समाज कल्याण विभाग की मंत्री जोबा मांझी के द्वारा सोनुआ प्रखंड के निश्चिंतपुर गांव में स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में किया गया। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी एजाज अनवर, सोनुआ प्रखंड विकास पदाधिकारी समीर कच्छप, सीडीपीओ, आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका/सहायिका उपस्थित थीं। होमलेस भोजनालय के लोकार्पण के उपरांत मंत्री श्रीमती मांझी ने केंद्र पर उपस्थित प्रखंड के आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका/सहायिका के बीच 10 किलो चावल, सवा किलो दाल, 2 किलो आलू, 1 किलो प्याज, 500 ग्राम नमक, तथा अन्य आवश्यक खाद्य तेल एवं मसालों का वितरण करते हुए आंगनबाड़ी केंद्र पर उपस्थित वृद्धजन को अपने हाथों से भोजन करवाया। मंत्री श्रीमती मांझी ने इस नेक कार्य के लिए जिला प्रशासन एवं जिला अंतर्गत अवस्थित कंपनियों को विशेष बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे भोजनालय के संचालन की शुरुआत जिला प्रशासन की एक अनोखी पहल है।







