
राजन सिंह
चाकुलिया : देश ही नहीं दुनिया भी कोरोना वायरस के संकट से गुजर रही है. इसी बीच लॉक डाउन का फायदा उठाकर चाकुलिया प्रखंड के विभिन्न गांव के सेंदरावीरों ने बंगाल सीमा से सटे प्रखंड के माटियाबांधी पंचायत के गोटाशिला पहाड़ पर शिकार खेला. मिली जानकारी के अनुसार प्रखंड के विभिन्न गांव से पहुंचे सेंदरावीरों ने गोटाशिला पहाड़ पर घंटों शिकार खेला. उन्होंने पहाड़ पर विचरण करते हुए एक हिरण और मोर का शिकार किया. लाक डाउन में सेंदरावीरों ने जहां लाक डाउन की अवहेलना की वहीं हिरण और मोर का शिकार किया, परंतु वन विभाग के पदाधिकारियों और कर्मियों को इसकी भनक तक नहीं लग पायी. सेंदरावीरों ने घंटों पहाड़ पर शिकार खेला और हिरण और मोर का शिकार कर वापस पहाड़ से उतरकर चलते बने. पंचायत के ग्रामीणों ने बताया कि रविवार को सेंदरावीरों ने हिरण और मोर का शिकार होने की सूचना धालभूमगढ़ वन विभाग के पदाधिकारी को दी है. लोगों ने बताया कि गोटाशिला पहाड़ पर सेंदरा करने के लिए परंपरागत हथियार से लैस होकर काफी संख्या में लोगों ने जंगल में प्रवेश किया था. अधिक संख्या में सेंदरावीर होने के कारण वे सभी उन्हें जंगल में प्रवेश करने से नहीं रोक पाये. लोगों ने कहा कि घाघरा गांव के कुछ लोगों द्वारा सेंदरावीरों को जंगल में प्रवेश करने से रोकने का प्रयास किया गया, तो उक्त लोगों ने उन्हें धमकी दी, जिस कारण वे लोग सेंदरावीरों को जंगल में प्रवेश करने से नही रोक पाये. लोगों ने कहा कि शाम में सेंदरावीर एक हिरण और एक मोर का शिकार कर पहाड़ से उतरे और चलते बने. घाघरा गांव के ग्रामीणों ने बताया कि गोटाशिला पहाड़ पर विगत एक माह पूर्व एक हिरण कहीं से विचरण करते हुए आया था, जिसका सेंदरावीरों ने शिकार कर लिया. इन दिनों पहाड़ पर मोर की संख्या बढ़ी है अगर विभाग के पदाधिकारियों ने पहाड़ पर सेंदरा करने पर रोक नहीं लगायी तो मोर की संख्या भी घट जाएगी. घाघरा गांव के ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार को भी सेंदरावीर पहाड़ पर शिकार खेलने पहुंचे हैं. इसकी सूचना वन विभाग को दी गयी हैं, परंतु अब तक विभाग के पदाधिकारी या कर्मी नहीं पहुंचे हैं. हिरण और मोर का शिकार होने की सूचना नहीं वनपाल : इस संबंध में चाकुलिया वन विभाग के वनपाल बुद्धदेव कुमार ने बताया कि गोटाशिला पहाड़ पर सेंदरावीरों द्वारा रविवार को शिकार खेलने पहुंचने और हिरण और मोर का शिकार किये जाने की सूचना नहीं है. उन्होंने कहा कि रविवार को सूचना मिली थी की जामिरा पहाड़ पर कुछ लोग शिकार खेलने पहुंचे हैं, तो विभाग के कर्मियों ने वहां पहुंचकर सेंदरावीरों को पहाड़ पर जाने से रोक दिया गया. उन्होंने कहा कि हिरण और मोर का शिकार करने ते मामले ती जांच की जाएगी और आज टीम भेजकर पहाड़ पर शिकार कर रहे लोगों को पहाड़ से उतारा जाएगा.







