
चाकुलिया : कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार ने लॉक डाउन की घोषणा की है. लॉक डाउन के दौरान प्रशासनिक पदाधिकारियों ने एक मूक-बधिर युवक को पकड़कर चाकुलिया में क्वारंटाइन में रखा गया है. उक्त युवक के पास किसी प्रकार का पहचान पत्र नहीं है. युवक के क्वारंटाइन की अवधि पूर्ण हो चुकी है. इसके बावजूद प्रशासन उसे उसके घर नही पहुंचा पा रहा है. इस संबंध में सीओ अरविंद ओझा ने कहा कि वह युवक मूक-बधिर है और उसके पास किसी प्रकार का पहचान पत्र नहीं है. इस कारण पता नहीं चल पा रहा है कि वह युवक किस गांव का रहने वाला है. युवक को घर पहुंचाने के लिए प्रशासन की परेशानी बढ़ गई है कि उसे कैसे उसके घर तक पहुंचाया जाये. सीओ ने कहा कि आधार केन्द्र ले जाकर उक्त युवक का फिंगर के माध्यम से आधार कार्ड निकाला जाएगा. अगर उसका आधार कार्ड बना है तो प्रशासन को उसके गांव और पहचान मिल जाएगा, जिसके पश्चात उसे उसके घर पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा. श्री ओझा ने लोगों से अपील की है कि अगर कोई व्यक्ति उस युवक को पहचानता है तो इसकी सूचना प्रशासन को दे.















