
जमशेदपुर : कोरोना वायरस की वजह से पूरे देश में लॉकडाउन-5 के बीच सोमवार को देश के साथ जमशेदपुर में अच्छी खबर ये है कि लॉकडाउन में फंसे यात्रियों के लिए रेलवे ने टाटा पहली स्पेशल ट्रेन खोल दी है. उनको मंजिल तक पहुंचाने के लिए टाटानगर-दानापुर एक्सप्रेस सुबह करीब 8.30 बजे रवाना हुई. यात्रियों ने चेहरे पर मुस्कान लिए अपने सफर की शुरुआत की. यात्रियों को विदा करने रेलवे अधिकारी, सिविल सर्जन व प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे. उन्होंने शुभकामना देते हुए ताली बजाकर ट्रेनों को रवाना किया. यह स्पेशल ट्रेन लॉकडाउन में फंसे मजदूरों के लिए यह किसी बड़े राहत से कम नहीं है. ट्रेन के लिए 920 सीटें बुक थी और लगभग सभी यात्री इसमें सवार हो अपनी यात्रा पर निकले. टाटानगर से 2 महीने बाद रेलवे का परिचालन शुरू हुआ. यात्रियों ने बताया कि वह सुबह 5 बजे से ही स्टेशन पर पहुंच गए थे ताकि सोशल डिस्टेंसिंग बनी रहे कोई परेशानी न हो. रेलवे प्रशासन ने भी यात्रियों की सुविधा के लिए कड़ी सुरक्षा इंतजाम किए थे.

चार ट्रेन टाटानगर से होकर गुजरेगी
मालूम हो कि रेलवे ने एक जून से 200 नॉन एसी ट्रेन चलाने की घोषणा की थी. इन 200 ट्रेनों में चार ट्रेन टाटानगर से होकर गुजरेगी. वहीं एक ट्रेन टाटानगर स्टेशन से खुली. टाटानगर से खुलने वाली ट्रेन नंबर 08183 और 08184 टाटानगर-दानापुर एक्सप्रेस नियमित चलेगी.

ट्रेन परिचालन प्रारंभ होने की स्थिति में पश्चिमी सिंहभूम जिला के क्षेत्र में पड़ने वाले 5 स्टेशनों पर नियुक्त किए गए दंडाधिकारी, विभिन्न स्टेशनों पर उतरने वाले सभी यात्रियों का किया जाना है निबंधन एवं मेडिकल स्क्रीनिंग
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला उपायुक्त अरवा राजकमल द्वारा जानकारी दी गई कि भारत सरकार द्वारा लिए गए निर्णय के आलोक में सोमवार 1 जून से जिले स्थित पांच स्टेशन यथा चक्रधरपुर, चाईबासा, डंगुवापोसी, नोवामुंडी तथा बड़ाजामदा पर विभिन्न ट्रेनों का आगमन होगा, जिससे विभिन्न शहरों और राज्यों से यात्रियों का इस जिला में आगमन होने की संभावना है. उन्होंने बताया कि वैश्विक महामारी को ध्यान में रखते हुए उक्त सभी रेलवे स्टेशनों पर जिला प्रशासन द्वारा अगले आदेश तक दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति करते हुए निर्देशित किया गया है कि सभी प्रतिनिधि दंडाधिकारी प्रत्येक दिन अपने-अपने प्रतिनियुक्त रेलवे स्टेशन पर ट्रेन आगमन के पूर्व पहुंचेंगे तथा रेल मार्ग द्वारा जिले के बाहर से आने वाले सभी यात्रियों का निबंधन, स्वास्थ्य स्क्रीनिंग एवं अन्य आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे.

उपायुक्त अरवा राज कमल द्वारा आगे जानकारी दी गई कि राज्य सरकार के द्वारा प्राप्त निर्देश के तहत देश के चिन्हित 24 हॉटस्पॉट जिले से लौटने वाले सभी व्यक्तियों को स्टेट क्वॉरेंटाइन किया जाना है एवं इन 24 जिलों के अतिरिक्त अन्य जिलों से आने वाले यात्रियों को होम क्वॉरेंटाइन किया जाना है तथा इस आदेश के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए रेलवे स्टेशन चक्रधरपुर हेतु अनुमंडल पदाधिकारी चक्रधरपुर, रेलवे स्टेशन चाईबासा हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी सदर चाईबासा, रेलवे स्टेशन डंगुवापोसी हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी जगन्नाथपुर, रेलवे स्टेशन नोवामुंडी हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी नोवामुंडी तथा रेलवे स्टेशन बड़ाजामदा हेतु अंचलाधिकारी नोवामुंडी को वरीय पदाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है. उन्होंने बताया कि जिले अंतर्गत विभिन्न रेलवे स्टेशन से ट्रेन यात्रा प्रारंभ करने वाले यात्रियों का रजिस्ट्रेशन एवं स्वास्थ्य जांच इत्यादि रेलवे के द्वारा किया जाएगा.
राज्य सरकार द्वारा चिन्हित 24 हॉटस्पॉट जिला
महाराष्ट्र राज्य का मुंबई, पुणे एवं थाणे जिला, तमिलनाडु राज्य का चेन्नई जिला, आंध्र प्रदेश राज्य का कृष्णा(विजयवाड़ा), करनूल, गुंटुर जिला, कर्नाटक राज्य का बेंगलुरु जिला, तेलंगाना राज्य का हैदराबाद जिला, गुजरात राज्य का सूरत, वडोदरा, गांधीनगर, अहमदाबाद जिला, राजस्थान राज्य का जयपुर जिला, मध्यप्रदेश राज्य का उज्जैन, इंदौर, भोपाल जिला, पश्चिम बंगाल राज्य का हावड़ा, कोलकाता, 24 उत्तर परगना जिला, दिल्ली राज्य का नई दिल्ली जिला, हरियाणा राज्य का फरीदाबाद जिला तथा पंजाब राज्य का जालंधर एवं लुधियाना जिला शामिल है. ज्ञात हो कि पूर्व में जिला उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक श्री इंद्रजीत माहथा के द्वारा ट्रेन के परिचालन प्रारंभ होने की स्थिति को देखते हुए चक्रधरपुर रेल मंडल के पदाधिकारियों एवं सुरक्षा पदाधिकारियों के साथ आवश्यक स्वास्थ्य प्रोटोकॉल के निर्धारण हेतु बैठक आयोजित कर विस्तृत रूप से चर्चा की गई है.






