
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला के बंदगांव प्रखंड अंतर्गत कराईकेला थाना क्षेत्र के जोनुआ में नक्सल उन्मूलन के खिलाफ चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान हुए मुठभेड़ में शहीद हुए आरक्षी श्री लखींद्र महतो एवं एसपीओ स्वरूप सुंदर महतो का पार्थिव शरीर सोमवार की सुबह चाईबासा स्थित पुलिस केंद्र लाया गया, जहां पूरे सम्मान के साथ पार्थिव शरीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया.
इस अवसर पर सिंहभूम (कोल्हान) प्रमंडल के आयुक्त वीरेंद्र भूषण, पुलिस उपमहानिरीक्षक राजीव रंजन, सीआरपीएफ के डीआईजी हनुमंत रावत, पश्चिमी सिंहभूम जिला उपायुक्त अरवा राजकमल एवं पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत माहथा, जिले में स्थित सीआरपीएफ बटालियन 197, 174 एवं 60 के कमांडेंट, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित थाना प्रभारी एवं उपस्थित पुलिस पदाधिकारी जवान एवं अन्य लोगों के द्वारा पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित करते हुए शहीद दिवंगत को श्रद्धांजलि दी गई.

अपने कर्तव्य का निर्वहन करने के दौरान शहीद हुए दिवंगत के आश्रितों को तत्काल 50,000 रुपये का सहयोग राशि एवं परिवार के एक सदस्य को नौकरी के साथ-साथ सरकार द्वारा दी जाने वाली अन्य सभी सुविधाओं का लाभ देने का भरोसा सिंहभूम (कोल्हान) के डीआईजी द्वारा दिया गया. शहीदों के आश्रितों को सांत्वना देते हुए जिला उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह पूरा जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन आपका परिवार है और प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन मिलकर यथाशीघ्र नियमानुसार सरकार के द्वारा दी जाने वाली सभी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के अपने कर्तव्य का निर्वहन करेगी.






