
चक्रधरपुर : पश्चिम सिंहभूम जिला खनन विभाग के एक कर्मी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है. जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में जांच के उपरांत रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर जिला खनन विभाग के कार्यालय को जिला प्रशासन ने 3 दिनों के लिए सील कर दिया है. मरीज के कांटेक्ट को ट्रेस कर सभी को क्वारंटाइन होने का निर्देश दिया गया है. कोविड-19 के जिला नोडल पदाधिकारी एजाज अनवर ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि उक्त कर्मी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद जिला खनन विभाग को 3 दिनों के लिए सील कर दिया गया है। उसके बाद उसे सैनिटाइज करके खोला जाएगा. फिलहाल उनके कांटेक्ट में आने वाले सभी लोगों को क्वारन्टाइन में रहने की सलाह दी गई है तथा उनके क्लोज कांटेक्ट वाले लोगों की भी जांच करवाई जा रही है. नोडल पदाधिकारी एजाज अनवर ने बताया कि उक्त मरीज कुछ दिन पहले रांची और जमशेदपुर गये थे. इस दौरान वह किसी कोरोना पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आये, जिसके बाद उनकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आ गयी.







