
चाईबासा : कोल्हान के पूर्वी व पश्चिमी जिला और सरायकेला-खरसावां के खनन एवं भूतत्व विभाग के चार पदाधिकारी पॉजिटिव पाये जाने पर विशेष कर पश्चिमी सिंहभूम जिलावासी सकते में आ गये हैं. हालांकि चाईबासा और सरायकेला जिला खनन कार्यालय को जनसुरक्षा के दृष्टिकोण से सील कर दिया गया है. एक पत्रकार समेत उपायुक्त, एसपी सहित अन्य पदाधिकारी, कर्मचारी समेत 41 लोगों का सदर अस्पताल में सैम्पल लिया गया है. राहत वाली खबर यह है कि उपायुक्त अरवा राजकमल और पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत म्हंथा की रिपोर्ट निगेटिव आयी है. जबकि एक पत्रकार सहित स्टेशन कॉलोनी के निकटस्थ राठौर कॉलोनी के एक निवासी की सदर अस्पताल के टुनेट लैब में जांच कराने पर रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है. इसके बाद सदर थाना अंतर्गत नीमडीह और मुफस्सिल थाना अंतर्गत राठौर कालोनी को कन्टेनमेट जोन बना दिया गया है. चूंकि इनमें कोई लक्षण नहीं दिख रहा है, इसलिए इन्हें पाताहातु स्थित कोविड केयर सेंटर में रख उनके सैम्पल को एमजीएम अस्पताल भेजा गया. इधर चर्चा का विषय बना हुआ है की पश्चिमी सिंहभूम के एक खनन पदाधिकारी की पत्नी नई दिल्ली से लौटने के बाद होम क्वारंटाइन में थीं. उसके बाद खनन पदाधिकारी व उनका ड्राइवर संक्रमित हो गए. हालांकि 29 जून को निदेशक के विदाई समारोह के अलावा चाईबासा में लौह अयस्क और अन्य खनिज पदार्थों की कथित चोरी की बात के आलोक में आयोजित बैठक और एक टेंडर के दौरान आए लोगो की ट्रेसिंग की जा रही है.







