
जमशेदपुर : मौसम विभाग के अल्रट के बाद राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री बन्ना गुप्ता ने राज्य के लोगों से 4 और 5 जुलाई को विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. खासकर ग्रामीण इलाकों के वज्रपात संभावित क्षेत्रों के लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. इसके अलावा शहरी ईलाकों के लोगों को भी वज्रपात के खतरे वाले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की अपील की है. मंत्री ने बताया कि आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से संभावित खतरे वाले इलाकों में डुगडुगी बजवाने की तैयारी की जा रही है. साथ ही मोबाईल नेटवर्क कंपनियों से भी अलर्ट मैसेज उपभोक्ताओं तक पहुंचाने की तैयारी शुरू कर दी गयी है. मंत्री बन्ना गुप्ता ने बताया कि झारखंड की धरती रत्नगर्भा धरती है, ऐसे में वज्रपात का खतरा यहां अधिक रहता है. उन्होंने बताया कि मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट के बाद विभाग को सख्त निर्देश जारी किया गया है, कि शहरी और ग्रामीण इलाकों में ज्यादा से ज्यादा जागरूकता कार्यक्रम चलाकर कम से कम नुकसान हो इसका खास इंतजाम किया जाए. आपको बता दें कि इस साल देश भर में वज्रपात से सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है. ऐसे में मौसम विभाग की भविष्यवाणी को देखते हुए राज्य आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है.
जमशेदपुर पश्चिम क्षेत्र का किया दौरा
झारखंड के स्वास्थ एवं आपदा प्रबंधन मंत्री बन्ना गुप्ता ने शनिवार को अपने विधानसभा क्षेत्र जमशेदपुर पश्चिम का दौरा किया. इस दौरान मंत्री सोनारी के स्लम बस्तियों में पहुंचे. जहां मंत्री ने लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से जाना. वहीं मंत्री ने बस्तिवासियों से प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का ब्यौरा देने को कहा. वहीं मंत्री बन्ना गुप्ता ने बताया कि चुनाव के दौरान जनता के किए गए वायदों को पूरा करना उनकी पहली प्राथमिकता है, और यही कारण है, कि वे यहां पहुंचे हैं. उन्होंने बताया कि वे पहले विधायक हैं, बाद में मंत्री. जनता से किए गए वायदों को सिलसिलेवार ढंग से पूरा किया जाएगा. मंत्री करीब दो घंटे तक सोनारी क्षेत्र से स्लम बस्तियों में रहे और वहां की समस्याओं से रू- ब- रू हुए.







