
जमशेदपुर : उत्तर प्रदेश के बरेली से भागकर जमशेदपुर के बागबेड़ा आये तीन लड़की और दो लड़के को पुलिस ने बागबेड़ा की जनता के विरोध के बाद धर दबोचा. इन सबको बागबेड़ा के सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल में रखा गया है. बताया जाता है कि उत्तर प्रदेश के बरेली से ये पांचों प्रेम विवाह की नीयत के लिए जमशेदपुर आए थे. बताया जाता है कि बरेली में युवतियों की अपहरण का केस दर्ज है. युवकों द्वारा युवतियों को लेकर बागबेड़ा बाबाकुटी लेकर अपने रिश्तेदार के घर आए थे. स्थानीय लोगों ने बस्ती में बाहरी के आने की सूचना पुलिस को दी थी. जानकारी जुटाकर थाना प्रभारी ने सभी को क्वारंटाइन कर दिया और उत्तर प्रदेश के बरेली पुलिस को सूचना भेजी है. पकड़े गये लोगों में करण सिंह, राहुल मौर्य, राजू श्रीवास्तव, मुस्कान, शिल्पी समेत अन्य लोग शामिल है. ये सारे लोग बस और ट्रक से किसी तरह जमशेदपुर के बागबेड़ा स्थित बाबाकुटी में मनीष रोडवेज के पीछे रहने वाले बबलू साव के घर आये थे. लोगों को यह जानकारी हुई कि बाहर से कोई आया है. कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल सारे लोगों को हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू की. पूछताछ में सारे लोगों ने सच्चाई बता दी, जिसके बाद सबको क्वारंटाइन कर दिया गया है और उत्तर प्रदेश पुलिस को जानकारी दे दी गयी.






