
रांची : झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन में विवाद बढ़ता चला जा रहा है. केंद्रीय कमेटी के साथ ही पूरा एसोसिएशन दो भागों में बंट गया है. एक पक्ष एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष नरेंद्र कुमार के साथ है, वहीं दूसरा गुट महामंत्री रमेश उरांव के साथ. दोनों ही गुट एक-दूसरे के आदेश को काट रहे हैं. दो दिन पहले महामंत्री रमेश
उरांव ने एसोसिएशन की रांची शाखा के सभापति रामावतार सिंह को छह साल के लिए संघ की प्राथमिक सदस्यता से बर्खास्त करने का फरमान सुनाया था. उन पर एसोसिएशन के लेटर पैड का दुरुपयोग व स्पष्टीकरण का जवाब नहीं देने का आरोप लगाया था. उसी दिन झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष नरेंद्र कुमार ने एक बयान जारी कर सभापति रामावतार सिंह की बर्खास्तगी को नियम विरुद्ध बताया था. उनका कहना है कि बिना प्रांतीय अध्यक्ष की सहमति के किसी शाखा अध्यक्ष की बर्खास्तगी संघीय नियमों के विरुद्ध है. नरेंद्र कुमार ने सभापति रामावतार सिंह को अपने पद पर बने रहने का आदेश दिया है. दरअसल, विवाद रिवार्ड को लेकर उत्पन्न हुआ है. बीते दिनों रांची जिला अध्यक्ष रामअवतार सिंह ने एक आरक्षी पर ड्यूटी में अनुपस्थित रहने के बावजूद रिवार्ड लेने का आरोप लगाते हुए एसएसपी से कार्रवाई को लेकर पत्र लिखा था. वहीं, प्रदेश महामंत्री रमेश उरांव ने कहा कि प्रांतीय अध्यक्ष की जानकारी एवं सहमति के बिना किसी शाखा पदाधिकारी द्वारा वरीय अधिकारियों को पत्र लिखना मेंस एसोसिएशन के संघीय नियमों के विपरीत है. कौन सिपाही काम कर रहा और कौन नहीं, यह देखना अधिकारी का काम है न कि मेंस एसोसिएशन का. इसको लेकर ही विवाद बढ़ा है, जो अभी शांत होता नजर नहीं आ रहा है.
















