
संतोष वर्मा
चाईबासा : बंगाल-नागपुर रेलवे के रूप में जाने जाने वाले दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल में आयरन ओर की ढुलाई में रिकार्ड बनाने वाले 1993 बैच के भारतीय रेलवे ट्राफिक सर्विसेज के पदाधिकारी अनुप सत्पथी मध्य रेलवे के नये अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) बनाये गये हैं. अनुप सत्पथी ने भारतीय रेल में बतौर क्षेत्रीय प्रबंधक योगदान दिया था. उसके बाद उन्हें चक्रधरपुर रेल मंडल में वरीय ट्रेन परिचालन प्रबंधक बनाया गया था. उसी दौरान उन्होनें माल ढुलाई में नया कृतिमान बनाकर चक्रधरपुर रेल मंडल को भारतीय रेल में पहचान दिलाने में सफल हुए थे. उसके बाद उनका तबादला दक्षिण पूर्व रेलवे के मुख्यालय कोलकाता हुआ था, जहां उन्होंने उप मुख्य ट्रेन परिचालन प्रबंधक व उप मुख्य वाणिज्य प्रबंधक के रूप में कार्य किया. बाद में उनका तबादला नागपुर रेल मंडल में हो गया, जहां वे वरीय मंडल सुरक्षा संगरक्षा पदाधिकारी के रूप में पदस्थापित थे।उसके बाद उन्हें भारतीय रेल के अधीन चलने वाले कॉनकोर रेलवे में प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया था। कॉनकोर रेलवे में भी नयी तकनीक अपना कर माल ढुलाई में लक्ष्य से ज्यादा ढुलाई कर इस मंदी में भी कॉनकोर रेलवे को बुलंदी पर ला खड़ा किया. इन सभी कार्यो को देखते हुए पुनः भारतीय रेल में वापस बुला लिया गया और उन्हें मध्य रेलवे के नागपुर रेल मंडल में अपर मंडल रेल प्रबंधक के रूप में नई जिम्मेदारी दी गई है। ज्ञात हो कि अनूप कुमार सत्पथी मध्य रेलवे , नागपुर मंडल के नये अपर मंडल रेल प्रबंधक ( एडीआरएम ) होंगे. उनकी नियुक्ति का आदेश पिछले गुरुवार को रेलवे बोर्ड की ओर से जारी किया गया. अनूप सत्पथी इससे पूर्व प्रतिनियुक्ति पर कंटेनर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (कॉनकोर), नागपुर क्षेत्र में चीफ रीजनल मैनेजर के पद पर कार्यरत थे. उनके कार्यकाल में कॉनकोर ने अपने कारोबार का विस्तार किया. नागपुर के मिहान डिपो में कार्गो परिवहन की शुरुआत हुई. अनूप स्तपथी झारखंड राज्य के बहरागोड़ा निवासी हैं.


















