
चाईबासा : कारगिल युद्ध में वीरगति को प्राप्त हुए वीर सेनानी शहीद राम भगवान केरकेट्टा की आदमकद प्रतिमा जो कि पोस्ट ऑफिस चौक, चाईबासा में स्थापित है, किसी कारणवश खंडित हो गई थी. संबंधित मामला उपायुक्त अरवा राजकमल के संज्ञान में सांसद प्रतिनिधि त्रिशानु राय द्वारा लाए जाने पर उस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उपायुक्त ने भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता सैफुल्लाह अंसारी को यथाशीघ्र आदमकद प्रतिमा को अपने पूर्ण रूप में लाने हेतु निर्देश दिया था. प्रतिमा के सरिया आदि में कार्बन लग जाने व जर्जर हो जाने के कारण जीर्णोद्धार का कार्य संभव नहीं था. उसके बाद चक्रधरपुर के प्रसिद्ध मूर्तिकार सुधार पॉल को वीर सेनानी शाहिद राम भगवान केरकेट्टा की नई आदमकद प्रतिमा निर्माण करने की जिम्मेदारी दी गई. उच्च गुणवत्ता युक्त प्रतिमा निर्माण कार्य जारी है. लगभग 25 दिनों में प्रतिमा का निर्माण कार्य पूर्ण हो जाएगा. उसके बाद प्रतिमा को पुन: यथा स्थान वीर सेनानी के सम्मान में ससम्मान स्थापित कर दिया जाएगा.


















