
जमशेदपुर : यूथ इंटक की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक विडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से यूथ इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय गाबा के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ जी संजीवा रेड्डी ने कहा कि आने वाला समय युवाओं का है, वे भविष्य में युवाओं को नेतृत्व शक्ति प्रदान करने की सोच रहे हैं, युवा शक्ति से उन्होंने आह्वान किया कि असंगठित क्षेत्र एवं खेतिहर मजदूर को संगठित कर केंद्र की मजदूर विरोधी सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करें। उन्होंने लगातार केन्द्र सरकार द्वारा सरकारी कम्पनियां बेचने कि निती का विरोध करते हुए कहा कि सरकार की नियत और निति दोनों ही मजदूर एवं राष्ट्र निर्माण विरोधी हैं। यूथ इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय गाबा ने कहा कि वे यूथ इंटक द्वारा हर एक प्रखंड, जिला एवं प्रदेश में केन्द्र सरकार के खिलाफ अभियान चलाएंगे एवं सरकार की चाल व चरित्र को उजागर करने का काम करेंगे। आईटीयूसी के डा फहीमुद्दीन पासा ने भारत सरकार के मजदूर विरोधी नितियों को जम कर कोसा। यूथ इंटक के प्रदेश अध्यक्ष शैलेश पांडे ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी जी सरकार चलाने की महत्वकांक्षा में देश चलाने को प्राथमिकता नहीं देते जिसके फलस्वरूप आज मजदूर वर्ग की स्थिति दयनीय है, उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ जी संजीवा रेड्डी से कहा कि कोविड के शांत होते ही झारखंड में वह असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को संगठित करने का काम व्यापक रूप से करेंगे। आज के विडियो कान्फ्रेसिंग मीटिंग में यूथ इंटक के विभिन्न प्रदेशों के अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। जमशेदपुर से यूथ इंटक के प्रदेश अध्यक्ष शैलेश पांडेय, टाटा वर्कर्स यूनियन के सहायक सचिव सह राष्ट्रीय महासचिव यूथ इंटक नितेश राज, डॉ परितोष सिंह, संजीव श्रीवास्तव, शिखा चौधरी, विजय यादव झारखंड प्रदेश यूथ इंटक के उपाध्यक्ष पिंटू श्रीवास्तव ने विडियो कान्फ्रेसिंग मीटिंग में हिस्सा लिया।


















