
Ranchi / Jamshedpur : अब जमशेदपुर स्थित को-ऑपरेटिव कॉलेज ग्राउंड में झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के मैच खेले जाएंगे। चूंकि कीनन स्टेडियम में क्रिकेट मैच नहीं खेले जा रहे हैं और सभी मैच रांची स्थित जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में ही हो रहे हैं। ऐसे में जमशेदपुर क्रिकेट से बिल्कुल ही अलग हो गया है। इसे देखते हुए जेएससीए द्वारा यहां एक क्रिकेट ग्राउंड की तलाश की जा रही थी और उसकी यह तलाश को-ऑपरेटिव ग्राउंड पर आकर खत्म हुई। अब से बोर्ड से जुड़े क्रिकेट मैच के साथ ही लोकल मैच भी कॉलेज ग्राउंड पर ही होंगे। आज जेएससीए और जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज के बीच इसे लेकर एक MOU हुआ। इस लिहाज से आज का दिन झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के लिए ऐतिहासिक है, क्योंकि जमशेदपुर में बोर्ड और स्थानीय मैचों की मेजबानी के लिए एक बेहतरीन ग्राउंड मिल गया है।
इस संबंध में जेएससीए से मिली जानकारी के मुताबिक बोर्ड के मैचों के साथ-साथ स्थानीय मैचों की मेजबानी के लिए जेएससीए द्वारा बीसीसीआई के मानकों के अनुसार मैदान को तैयार और प्रबंधित किया जाएगा। गौरतलब है कि घरेलू मैचों के आयोजन के दौरान मैदान की अनुपलब्धता हमेशा जेएससीए के लिए एक चुनौती और बाधा रही है। इस मैदान की उपलब्धता से राज्य में मैचों का संचालन करने और क्रिकेट को बढ़ावा देने के दौरान JSCA की क्षमता बढ़ेगी।
MOU पर जेएससीए के अध्यक्ष डॉ नफीस अख्तर खान और जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज के प्राचार्य प्रो वीके सिंह ने हस्ताक्षर किये। इस दौरान JSCA के कोषाध्यक्ष पीएस सेन, संयुक्त सचिव राजीव बदन, पूर्व सचिव राजेश वर्मा उर्फ बॉबी, JSCA स्कूल और क्लब प्रतिनिधि अभय शंकर सिंह और सदस्य पंकज सहाय उपस्थित थे।







