
रांची : झारखंड के शिक्षा विभाग ने बड़ा फैसला लिया है. राज्य के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने एक अहम फैसला लेते हुए टेट पास शिक्षकों के सर्टिफिकेट को 9 साल तक के लिए वैद्य करने का आदेश दिया है. इसके लिए उन्होंने शिक्षा विभाग के सचिव को पत्र लिखकर इसकी वैद्यता को 9 साल तक करने के लिए आदेश दिया है. इसके बाद करीब 45 हजार टेट पास वाले शिक्षकों को बड़ी राहत मिल जायेगी. झारखंड में आने वाले सालों में होने वाली बहाली के दौरान टेट पास शिक्षक भाग ले सकते है. दरअसल, सात साल पहले टेट की परीक्षा झारखंड में हुई थी. उसके बाद से लेकर बहाली नहीं हो पायी. इस बीच टेट पास वाले शिक्षकों की पात्रता इस साल समाप्त हो जाती, जिस कारण करीब 45 हजार शिक्षक टेट पास होने के बावजूद कभी भी बहाली में हिस्सा नहीं ले पाते है. इसको देखते हुए शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने तत्काल फैसला लिया और इसका आदेश जारी कर दिया कि दो साल के लिए इसकी पात्रता को बढ़ा दिया जाये और इसको 7 साल से बढ़ाकर 9 साल कर दिया जाये. इसके अलावा राज्य के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने पारा शिक्षकों के मसले पर भी अहम फैसला लिया है. पारा शिक्षकों पर आंदोलन के दौरान हुए सारे केस को वापस लेने का फैसला झारखंड सरकार ने लिया है. उन्होंने कहा कि सिर्फ आंदोलन से संबंधित केस को ही सरकार वापस लेगी. पारा शिक्षकों के मसले पर झामुमो ने चुनाव के पहले अपने घोषणा पत्र में यह वादा भी किया था, जिस वादे को पूरा करते हुए सरकार ने यह फैसला लिया है कि सारे पारा शिक्षकों के आंदोलन से संबंधित सारे केस को वापस ले लिये जायेंगे. करीब 4 हजार केस पूरे राज्य में दर्ज हुए थे, जिसको वापस लिया जा सकता है. पांच साल के भीतर जितने भी केस दायर हुए होंगे, उसको ही वापस लेने की बात कहीं गयी है. यह भी एक बड़ी राहत की घोषणा झारखंड सरकार ने की है.





