
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की बरडीकानपुर – कालापाथर पंचायत के पोचापानी गांव में स्वीकृत सोलर जल मीनार संवेदक की लापरवाही के कारण आज भी अधूरा पड़ा है. गांव के ग्रामीणों ने बताया कि महीनों पूर्व संवेदक द्वारा गांव में सोलर बोरिंग निर्माण कार्य शुरू किया है. कहा कि संवेदक द्वारा सिर्फ बोरिंग के नाम पर लोहे की पाइप ही लगाया गया है, ना तो बोरिंग किया गया और ना ही सिनटेक्स ही लगाया गया है. बोरिंग निर्माण पूर्ण नही होने के कारण ग्रामीणों को योजना का लाभ नही मिल पा रहा है. योजना पूर्ण नही होने से लोगों में सरकारी पदाधिकारी और संवेदक के खिलाफ रोष व्याप्त है. इस संबंध में बीडीओ देवलाल उरांव ने कहा कि वे जल्द से जल्द गांव में निर्मित सोलर बोरिंग निर्माण कार्य पूर्ण कराने की दिशा में पहल करेंगे, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल मिल सके.







