
जमशेदपुर : जमशेदपुर से होकर गुजरने वाले एनएच-33 इन दिनों खस्ताहा है. पिछले दिनों भारतीय जनता पार्टी के विकास सिंह द्वारा एनएच को लेकर आंदोलन शुरू किया गया, जिस पर जिला प्रशासन के निर्देश के बाद बुधवार से मरम्मत का काम शुरू हो गया है. इसको लेकर एक ओर जहां भाजपा नेता विकास सिंह अपने समर्थकों के साथ खुशियां मनाते देखे गए. वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस आईटी सेल ने भी इसके लिए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री और जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा के विधायक बन्ना गुप्ता को क्रेडिट देते हुए खुशियां बांटी और एक दूसरे को लड्डू खिलाकर मुंह मीठा कराया. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)

इधर एनएच की मरम्मत को लेकर नाराज सरयू राय की पार्टी भारतीय जन मोर्चा ने एनएच-33 बिग बाजार के समीप एकदिवसीय सांकेतिक धरना देकर एनएच के निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की. यहां राज्य के पूर्व मंत्री और जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने छठ के बाद दिल्ली जा कर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर एनएच निर्माण के कार्य में तेजी लाए जाने की मांग करने बात कही. वहीं सरयू राय ने दलमा के सौंदर्यीकरण की भी मांग उठाई. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)

सरयू राय ने बताया कि प्रकृति की गोद से निकलने वाली एनएच-33 बेहद ही आकर्षक नजर आती है, लेकिन दलमा से निकलने वाला पानी एनएच होकर पार करता है, जिससे यह सड़क आये दिन जर्जर हो जाता है. ऐसे में सरकार को दोनों को ध्यान में रखते हुए काम कराना चाहिए, ताकि सड़क की मजबूती बनी रहे. वैसे एनएच मरम्मतीकरण शुरू होते ही भाजपा और कांग्रेस के बीच श्रेय लेने की जंग छिड़ी हुई है. वहीं सरयू राय की पार्टी भारतीय जन मोर्चा इसके विरोध में उतर गई है. कुल मिलाकर एनएच-33 इन दिनों राजनीतिक का अहम मुद्दा बन गया है.







