
चाईबासा: चाईबासा शहर में गुरुवार को पेयजल आपूर्ति पूर्णत ठप हो गई, पेयजल आपूर्ति ठप होने से शहर के आम जनता को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. सामाजिक कार्यकर्ता सह अधिवक्ता राजाराम गुप्ता ने कहा कि पर्व त्योहारों का आगमन पूर्व में ही हो चुका है ऐसी स्थिति में पेयजल आपूर्ति अगर बाधित होगी तो आम जनता को काफी परेशानी होगी. विभाग द्वारा इसकी कोई भी सूचना पूर्व से प्रसारित नहीं की गई थी कि किस कारण पेयजल आपूर्ति ठप हुई है. जानकारी के अनुसार विगत 4 वर्षों से जैमिनी इंटरप्राइजेज बिरसानगर जमशेदपुर द्वारा शहर में पेयजल आपूर्ति को कार्य के लेकर टेंडर प्राप्त किया था. पर भुगतान में कुछ बकाया होने एवं कुछ दिनों पूर्व प्रत्येक वर्ष होने वाले टेंडर में पेयजल आपूर्ति को लेकर रांची के कांट्रेक्टर को टेंडर प्राप्त हो गया. जिसे 7 दिनों में अपना पेयजल आपूर्ति संबंधी कार्य शुरू करना था. वही ऐसी परिस्थिति में जैमिनी इंटरप्राइजेज के स्टाफ व अन्य कर्मियों द्वारा बुधवार से ही हड़ताल कर दिया गया. जिसके कारण पेयजल आपूर्ति शहर में बाधित हो गयी.







