
जमशेदपुर : रिपब्लिक भारत के चीफ एडिटर अर्नब गोस्वामी की गिरफ्तारी को लेकर देशभर के हिंदूवादी संगठनों ने विरोध शुरू कर दिया है. हालांकि ऐसा पहली बार देखा जा रहा है कि पत्रकार को लेकर हिंदूवादी संगठन सड़क पर हैं. खासकर जमशेदपुर जैसे छोटे शहर से दिल्ली और मुंबई में बैठे पत्रकारों के समर्थन में सड़क पर उतरना पहली बार देखा जा रहा है. अमूमन आंचलिक पत्रकारों के मामले में भी ऐसे संगठनों को कभी विरोध करते नहीं देखा गया है. हिंदू जागरण मंच की ओर से गुरुवार को साकची स्थित गोल चक्कर पर महाराष्ट्र के उद्धव सरकार के विरोध में जोरदार प्रदर्शन करते हुए उद्धव ठाकरे का पुतला फूंक अर्णब गोस्वामी की अविलंब रिहाई की मांग की गई. आपको बता दें कि पिछले बुधवार को रिपब्लिक टीवी के एडिटर इन चीफ अर्नब गोस्वामी को मुंबई पुलिस ने 2018 के एक मामले में गिरफ्तार कर 14 दिनों के न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. वहीं हिंदू जागरण मंच के सदस्यों ने अर्णब के साथ हुई घटना पर नाराजगी प्रकट की है.







