जमशेदपुर : भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम, राम मनोहर लोहिया नेत्रालय द्वारा चिमनलाल भालोटिया सेवा संस्थान, राजस्थान सेवा सदन तथा जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से 591वां नेत्र शिविर जयश्री-दिलीप गोयल के संयोजन में 12 से 14 दिसम्बर तक आयोजित किया जायेगा. 12 दिसम्बर को नेत्र रोगियो के आंखों की जांच बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में की जायेगी, जिसके पश्चात आंखों के ऑपरेशन के लिए उपयुक्त मरीजों का चयन कर उनका ऑपरेशन रविवार 13 दिसम्बर को किया जायेगा तथा 14 दिसम्बर को ऑपरेशन कराये नेत्र रोगियों के आंखों की पट्टी खोलकर आवश्यक दवा व चश्मा प्रदान कर उन्हें विदा किया जायेगा. उक्त जानकारी रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने प्रदान की.

प्लाज्मा डोनेशन के लिए आगे आये टाटा स्टील कर्मचारी
कोविड-19 मरीजों की जीवनरक्षा के लिए जिला प्रशासन, रेड क्रॉस तथा जमशेदपुर ब्लड बैंक के संयुक्त तत्वावधान में चलाये जा रहे प्लाज्मा डोनेशन अभियान की कड़ी में गुरुवार को 6 प्लाज्मा डोनर्स ऩे जमशेदपुर ब्लड बैंक में अपना प्लाज्मा डोनट किया. इन प्लाज्मा डोनर्स में अधिकांश नियमित रक्तदाता हैं, जो कोरोना से प्रभावित होने के पश्चात प्लाज्मा डोनेशन को भी एक मौके के रूप में स्वीकार कर अपना प्लाज्मा उन लोगों के लिए दान कर रहे हैं, जो कोरोना से प्रभावित हैं. गुरुवार को ऐसे ही प्लाज्मा डोनर्स टाटा स्टील कर्मचारी विकास कुमार सिंह ने चौथी बार प्लाज्मा डोनेट किया और वे नियमित रूप से 59 बार रक्तदान कर चुके हैं. इसी प्रकार मनोज कुमार सिंह ने गुरुवार को तीसरी बार प्लाज्मा डोनेशन किया और वे 58 बार नियमित रक्तदान कर चुके हैं. टाटा स्टील कर्मी रवि कुमार ने पहली बार, सुमन चक्रवर्ती ने दूसरी बार तथा राजेश सहदेव ने तीसरी बार प्लाज्मा दान किया. इसी तरह उत्तम कुमार निराला ने दूसरी बार अपना प्लाज्मा डोनेट किया. इन सभी प्लाज्मा डोनर्स को जिला प्रशासन व रेड क्रॉस सोसाईटी की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया. वहीं जमशेदपुर ब्लड बैंक ने एक मोमेंटो प्रदान किया. इस दौरान जिला प्लाज्मा डोनेशन प्रभारी उपसमाहर्ता स्मिता नागेशिया, रेड क्रॉस सोसाईटी पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह, जमशेदपुर ब्लड बैंक के प्रशासक संजय चौधरी, रेड क्रॉस सोसाईटी के एसडीपी एवं प्लाज्मा डोनेशन प्रभारी प्रभुनाथ सिंह, यूनियन कमिटी मेम्बर संजीव तिवारी ने सभी प्लाज्मा दाताओं को उत्साह बढाया. जमशेदपुर ब्लड बैंक के चिकित्सक डॉ एसबी सिंह तथा डॉ रीता सिंह के नेतृत्व में विशेषज्ञ टेक्निशियनों ने प्लाज्मा संग्रहित किया. दूसरी ओर, प्लेटलेट्स की कमी को देखते हुए रेड क्रॉस सोसाईटी के आह्वान पर रेड क्रॉस के एसडीपी डोनेशन प्रभारी प्रभुनाथ सिंह के उत्साहवर्धन से सौरभ पराशर ने दूसरी बार सिंगल डोनर प्लेटलेट का डोनेशन किया. ज्ञातव्य हो कि एसडीपी (सिंगल डोनर प्लेटलेट्स) वर्तमान समय में प्लेटलेट्स की कमी से जूझ रहे लोगों को नया जीवन प्रदान करता है. जमशेदपुर ब्लड बैंक में उपलब्ध एफेरेसिस मशीन के माध्यम से रक्तदाता के रक्त से सिर्फ प्लेटलेट लिया जाता है, जो प्लेटलेट जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायक होता है.





