
जमशेदपुर:जमशेदपुर के उलीडीह थाना अंतर्गत डिमना बस्ती उपर टोला के एक घर में विस्टोफोट की गुत्थी को सुलझाने के लिए अब रांची से एफएसएल की एक टीम शहर पहुंचेगी. इसकी जानकारी डीएसपी पटमदा विजय महतो ने दी. उन्होंने बताया कि पुलिस ने सिंलेडर फटने और बम फटने की सूचना पर प्रांरभिक जांच की है. हालांकि पुलिस को मौके से किसी तरह का सिंलेंडर नहीं बरामद हुआ है. संभवत बम बनाने के दौरान ही विस्फोट हुआ है. इधर घायल के परिजन भी घटना के संबंध में कुछ बताने से इंकार कर रहे है. अब एफएसएल की टीम ही घटना का खुलासा करेगी. अगर बम बनाने का खुलासा होता है तो फिर इस बात से भी इंकार नहीं किया जा सकता कि शहर में अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देना चाहते थे. वहीं यह घटना ऐसे समय में घटी है जब शहर में जोनल आईजी नवीन कुमार सिंह शहर के दौरे पर है. बीते दिनों ही पुलिस ने मानगों के गुरुद्वारा बस्ती में छापेमारी कर आर्म्स पैडलर प्रवीण सिंह को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था. बता दे कि शनिवार की दोपहर डिमना बस्ती उपर टोला के एक घर में जोर का विस्फोट हुआ था जिससे विश्वनाथ, भुवनेश्वर औऱ पटेल घायल हो गए थे. इस घटना में विश्वनाथ का एक हाथ उड़ गया था. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.




