
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना अंतर्गत हलुदबनी कैंप के पास पिछले 20 दिसंबर को सड़क दुर्घटना में घायल सैप 2 के जवान घन बहादुर साही (57) की टीएमएच में इलाज के दौरान मौत हो गई. बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया. परिजन शव को नेपाल स्थित अपने गांव ले जा रहे हैं. इधर घन बहादुर को पुलिस विभाग की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर देने की तैयारी की का रही है. उनके शव को पूरे सम्मान के साथ विदा किया जाएगा. इस दौरान जिले के एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन के अलावा विभाग के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे. घन बहादुर नेपाल के पल्पा जिले के मटियारी गांव के निवासी थे. फिलहाल वे रामगढ़ जिले के गोला में पदस्थापित थे. 16 दिसंबर को वे कुछ विभागीय काम से हलुदबनी कैंप आए हुए थे. 20 दिसंबर को वे अपने एक साथी के साथ भादुडीह में लगने वाले हाट गए थे. उसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें चपेट ने ले लिया. घटना के बाद उन्हें एमजीएम अस्पताल ले जाया गया जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें टीएमएच रेफर कर दिया गया था. मंगलवार रात को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.







