
जमशेदपुर : जमशेदपुर में विदेशियों का आना जाना लगा रहता है. कोरोना के नये रुप स्ट्रेन के कारण जमशेदपुर में प्रशासन सतर्क है. इस कड़ी में शनिवार को जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित होटल रामाडा में जर्मनी से लौटे तीनों व्यक्तियों का कोविड-19 नमूना संग्रह किया गया एवं उन्हें सख्त निर्देश दिया गया कि जब तक रिपोर्ट ना आ जाए, तब तक आइसोलेट होकर रहना सुनिश्चित करेंगे. वही जमशेदपुर में विभिन्न स्थानों पर भी जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा नमूना संग्रह प्वाइंट बनाए गए हैं, साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी को ध्यान में रखते हुए नमूना संग्रह किया जा रहा है. इसी क्रम में जमशेदपुर के उपायुक्त कार्यालय परिसर के कलेक्शन प्वाइंट पर कुल 34 लोगों का रैपिड एंटीजन टेस्ट से नमूना संग्रह किया गया जिसमें सभी नेगेटिव आये. वहीं सिदगोड़ा टाउन हॉल में 8 आरटीपीसीआर टेस्ट तथा 2 ट्रूनेट मशीन से जांच का नमूना संग्रह किया गया. डिमना झील में परिसर में कोविड-19 जांच हेतु कुल 50 लोगों का आरटीपीसीआर टेस्ट किया गया जिसका रिपोर्ट आना अभी बाकी है. सैम्पल कलेक्शन टीम में बबलू कुमार पाल, नरेश कुमार, अवधेश प्रसाद, नागेश्वर मुर्मू, राजेश साहू, डोली कुमारी शामिल थे. इधर, शनिवार को जमशेदपुर में कुल 2111 सैंपल की जांच हुई जिसमें 30 नए कोरोना मरीज मिले हैं. जमशेदपुर में में कुल संक्रमितों की संख्या 17768 पहुंच गई है. दूसरी ओर शनिवार को जमशेदपुर के विभिन्न अस्पतालों में इलाजरत 32 मरीज ठीक होकर घर गए. इस तरह से अब तक जमशेदपुर के 17231 मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं और जमशेदपुर में फिलहाल एक्टिव मरीजों की संख्या 163 है। शनिवार को मिले नए मरीजों में 23 शहरी तथा सात ग्रामीण क्षेत्र के हैं.





