जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न पूजा पंडालों और स्वर्णरेखा नदी घाट का भौतिक निरीक्षण किया. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. निरीक्षण के दौरान घाटशिला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मुसाबनी के पुलिस उपाधीक्षक और संबंधित थाना प्रभारी मौजूद रहे. पुलिस टीम ने पोटका थाना क्षेत्र के हाता, कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर, जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के जादूगोड़ा चौक तथा मुसाबनी थाना क्षेत्र के बदिया-लटिया स्थित विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया. (नीचे भी पढ़ें)

इसके अलावा बेनाशोल स्थित स्वर्णरेखा नदी घाट का भी जायजा लिया गया. इस दौरान पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और नदी घाट पर सुरक्षा से संबंधित आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई. पुलिस अधिकारियों ने संबंधित थाना प्रभारियों को सतर्कता बरतने तथा सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, ताकि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके.





