
जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी के विधायक और पूर्व मंत्री सरयू राय का पैर टूट गया है. शनिवार को उनके दाये पैर की कानी अंगुली (अंतिम अंगुली) टूट गयी है. यह घटना तब घटी, जब वे शनिवार की सुबह पश्चिम सिंहभूम जिले के किरीबुरू इलाके में मॉर्निंग वॉक कर रहे थे. बताया जाता है कि वे मॉर्निंग वॉक करने के दौरान ही चोटिल हो गये थे. लेकिन दर्द को सहन कर रहे थे. करीब चार से पांच घंटे के बाद दर्द असहनीय हो गयी तब वे किरीबुरु में ही एक्सरे कराया, जहां उनकी अंगुली में फ्रैक्चर की बात सामने आयी. उसके बाद वे जमशेदपुर लौट गये, जहां उनको टीएमएच में सेमी प्लास्टर कराया गया है. इसकी जानकारी खुद सरयू राय ने अपने ट्विटर हैंडल पर दी है. श्री राय सारंडा वन क्षेत्र का भ्रमण पर निकले है, जहां वे अवैध लौह अयस्क के खनन के खिलाफ तथ्य इकट्ठा कर रहे है जबकि उस मसले की जांच भी करने में लगे हुए है. इसी दौरान वे किरीबुरू में ठहरे थे कि यह हादसा हो गया. इसके बाद सरयू राय के सारे कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है. टीएमएच के चिकित्सकों ने उनको आराम करने की सलाह दी है. उनका फिर से एक बार एक्सरे होगा, जिसके बाद हालात को देखते हुए टीएमएच के चिकित्सक कोई फैसला ले सकेंगे. हालांकि, श्री राय खुद अपने बिष्टुपुर स्थित घर में ही है.




