जमशेदपुर : झारखंड पावरलिफ्टिंग ऑर्गेनाइजेशन की ओर से पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के सबंग में शनिवार,10 अक्टूबर को आयोजित ऑल बंगाल बेंच प्रेस एवं डेडलिफ्ट चैंपियनशिप 2026 में झारखंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम रौशन किया. झारखंड पावरलिफ्टिंग ऑर्गेनाइजेशन के स्टेट सेक्रेटरी कन्हैया कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रतियोगिता में शामिल हुई 15 सदस्यीय टीम के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल, शक्ति और अनुशासन का परिचय देते हुए कुल 48 पदक अपने नाम किए. इनमें 23 स्वर्ण पदक, 18 रजत पदक और 7 कांस्य पदक शामिल हैं. (नीचे भी पढ़ें)

प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत उपलब्धियों के साथ-साथ विभिन्न वर्गों में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. इनमें दीपशिखा कुमारी ने स्ट्रांग वुमन, कन्हैय़ा कुमार सिंह ने स्ट्रांग मैन, महेश मिश्रा ने मास्टर्स बेंच प्रेस स्ट्रांग मैन, मनीष कुमार चौहान ने मास्टर्स डेडलिफ्ट स्ट्रांग मैन का खिताब जीता. इन खिलाड़ियों की उपलब्धियों ने झारखंड की टीम के प्रदर्शन को और भी गौरवपूर्ण बना दिया. (नीचे भी पढ़ें)
15 सदस्यीय टीम का 48 पदक हासिल करना झारखंड में पावरलिफ्टिंग की बढ़ती लोकप्रियता, खिलाड़ियों की मेहनत और संगठन के निरंतर प्रयासों को दर्शाता है. इस शानदार प्रदर्शन से झारखंड के पावरलिफ्टिंग खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा है. साथ ही, राज्य में बेंच प्रेस और डेडलिफ्ट जैसे शक्ति-आधारित खेलों को आगे बढ़ाने की दिशा में भी यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है. झारखंड पावरलिफ्टिंग ऑर्गेनाइजेशन ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी पदक विजेताओं को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.







