
चाकुलिया : पश्चिम बंगाल सीमा से सटे पहाडों पर बसा चाकुलिया प्रखंड के पाकुड़ियाशोल गांव के ग्रामीण हाथियों के झुंड आने से भयभीत है. शनिवार -रविवार की रात 10 हाथियों के झुंड ने गांव के पोनास चुआ टोला में प्रवेश कर देर रात्रि तक जमकर उत्पात मचाया है. हाथियों के झुंड ने दुर्योधन सिंह के बाड़ी में लगे केला के पेड़ और सब्जी बाड़ी को पैरो तले रोंदकर बर्बाद कर दिया है. दुर्योधन सिंह के घर के दरवाजा तोड़कर घर में रखे धान की बोरिया बाहर निकालकर धान को खाकर और छिटकर बर्बाद कर दिया है.ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों का झुंड गांव से सटे पश्चिम बंगाल के शाकाभांगा पहाड़ पर सरण लिये हुए हैं. गांव से सटे पहाड़ पर 10 हाथियों के झुंड होने से ग्रामीण भयभीत है. हाथी द्वारा नुकसान पहुंचाने की सूचना पर धालभूमगढ़ वन विभाग के कर्मी पाकुड़ियाशोल गांव पहुंचकर क्षति का आकलन किया और दुर्योधन सिंह को फार्म देकर आवेदन वन विभाग कार्यालय में जमा करने की बात कही है, ताकि हाथीयों द्वारा किया गया नुकसान का विभाग द्वारा उनके बीच क्षति का मुआवजा राशि जल्द से जल्द दिया जा सके. गांव पहुंचे वन कर्मियों से ग्रामीणों ने हाथी को गांव से भगाने के लिए मशाल और पटाखे की मांग की जिसपर कर्मियों ने कहा कि वन सुरक्षा समिति के बैंक खाता से रुपये निकासी कर सामग्री खरीदने की बात कही है.




