
जमशेदपुर: कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एमजीएम अस्पताल की स्वास्थ्य सेवा चरमरा गई है. वैसे इसके पीछे का कारण यहां पदस्थापित सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों का हड़ताल पर जाना बताया जा रहा है. गौरतलब है, कि बीते कई सालों से झारखंड सरकार के विभिन्न मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में सेवा दे रहे सीनियर रेजिडेंट सातवें वेतनमान का लाभ और बकाया एरियर की मांग को लेकर आंदोलित है. वैसे बीते एक सप्ताह से राज्य भर के सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर काला बिल्ला लगाकर काम कर रहे थे.
जहां आज से इन्होंने काम से खुद को अलग कर लिया है. वैसे आपातकालीन सेवाएं इन्होंने बंद नहीं किए जाने की बात कही है. लेकिन अगर मांग नहीं मानी जाती है तो आने वाले दिनों में सभी सेवाएं ठप करने का ऐलान कर दिया है. इधर एमजीएम अस्पताल के सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों के हड़ताल पर जाने से अस्पताल के स्वास्थ्य सेवा चरमरा गई है. आंदोलित डॉक्टरों ने बताया कि इन्होंने अपनी समस्याएं सरकार के सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों और स्वास्थ्य मंत्री तक रख चुके हैं. बावजूद इसके इनकी मांग अब तक पूरी नहीं हुई है.














