
देहरादून: पौड़ी गढ़वाल लोकसभा सीट से सांसद तीरथ सिंह रावत उत्तराखंड के 10वें मुख्यमंत्री बने. बुधवार को देहरादून में भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में तीरथ सिंह रावत को सर्वसम्मति से विधानमंडल दल का नेता चुना गया. राजभवन में तीरथ रावत के साथ पांच से छह मंत्री भी शपथ ले सकते हैं. सीएम पद की जिम्मेदारी मिलने के बाद तीरथ सिंह रावत ने कहा मैं पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी का शुक्रिया अदा करता हूं, जिन्होंने मुझ पर भरोसा किया.
एकमात्र पार्टी कार्यकर्ता, जो एक छोटे से गांव से आता है. मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं यहां तक पहुंचूंगा. हम लोगों की अपेक्षाओं को पूरा करने और पिछले चार सालों में किए गए कार्यों को आगे बढ़ाने की कोशिश करेंगे. बुधवार को देहरादुन में भाजपा विधायक दल की बैठक हुई. इसकी शुरुआत 11 बजे हुई, जिसमें कार्यवाहक मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने तीरथ सिंह रावत के नाम का प्रस्ताव किया, जिस पर सर्वसम्मति से मुहर लगा दी गई. तीरथ सिंह रावत उत्तराखंड की पहली अंतरिम सरकार में शिक्षा राज्य मंत्री रहे हैं. उन्हें संगठन का भी अनुभव रहा है.











