
जमशेदपुर:जमशेदपुर के गोलमुरी थाना अंतर्गत बजरंग नगर निवासी शाकिर खान के घर पर बुधवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई. आग धीरे-धीरे पूरे घर में फैल गई. घर में मौजूद शाकिर की बेटी ने आग लगने की जानकारी अपनी मां खैरुन निशा को दी. इधर घर से धुंआ निकलता देख आस-पास के लोगों ने इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी. सूचना पाकर गोलमुरी फायर स्टेशन से एक दमकल मौके पर पहुंचा. हालांकि जब तक दमकल मौके पर पहुंचता तब तक स्थानीय लोगों ने घर से पानी का पाइप लगाकर आग पर काबू पा लिया था. आग से घर का सारा सामान जलकर खाक हो गया है.
घटना के संबध में शाकिर ने बताया कि वो सीट कवर बनाते है, टेल्को में उसकी एक छोटी सी दुकान है. बुधवार को वह किसी काम से रांची जाने के लिए घर से निकला था. थोड़ी देर बाद घर से फोन आया कि घर में आग लग गई है, पत्नी के अनुसार वह घर के आंगन में बरतन धो रही थी जबकि बच्ची घर के अंदर खेल रही थी. अचानक फ्रिज के पीछे से चिंगारी निकली जिससे घर में आग लग गई. पत्नी और बच्चों ने किसी तरह अपनी जान बचाई. उन्होने बचाया कि आग से घर का सारा सामान जलकर खाक हो गया. जिससे लगभग पांच से सात लाख रुपये का नुकसान हुआ है.












