
आदित्यपुर: झारखंड सरकार द्वारा विभिन्न विभागों के अलग-अलग श्रेणियों के अनुबंध कर्मियों की सेवा समाप्त किए जाने के विरोध में झारखंड राज्य सरकारी मोटरयान चालक संघ ने आगामी 22 तारीख से रांची के डोरंडा स्थित वन भवन पर धरने पर बैठने का ऐलान कर दिया है. आपको बता दें कि पूरे राज्य में लगभग 600 अनुबंध कर्मी अकेले वन विभाग के अलग- अलग पदों पर कार्यरत हैं, जबकि सभी विभागों की बात करें तो यह आंकड़ा हजारों की संख्या को पार कर जाएगा. हालांकि पिछले दिनों विधानसभा की कार्रवाई के दौरान अनुबंध पर बहाल कंप्यूटर ऑपरेटरों की सेवा जारी रखने पर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने रजामंदी जताई है, लेकिन अभी भी संशय की स्थिति बनी हुई है. इधर बुधवार को संघ के सदस्यों ने बैठक कर सरकार से अपने फैसले पर पुनर्विचार किए जाने की मांग की है. उन्होंने बताया, कि वर्षों सेवा देने के बाद अब इन्हें सरकार द्वारा बाहर का रास्ता दिखाया जा रहा है. ऐसे में अगर सरकार इनकी मांगों पर विचार नहीं करती है, तो आगे चरणबद्ध तरीके से उग्र आंदोलन किया जाएगा



