
आदित्यपुर : सरायकेला- खरसावां जिला के आदित्यपुर नगर निगम के मेयर विनोद कुमार श्रीवास्तव ने वार्ड 29 की दिवंगत पार्षद रही स्वर्गीय राजमणि देवी द्वारा अनुमोदित योजना का बुधवार को शिलान्यास किया. वैसे पिछले बोर्ड बैठक में उन्हें वार्ड 29 के विकास से संबंधित अधिकार दिए जाने के बाद स्वर्गीय राजमणि देवी द्वारा प्रस्तावित योजनाओं पर तीव्र गति से काम शुरू हो गया है. इसी कड़ी में 10 लाख 25 हजार की लागत से महावीर नगर में श्रेया जनरल स्टोर से ऊपर बस्ती तक बनने वाले कल्वर्ट का शिलान्यास मेयर द्वारा किया गया. यह योजना 23-10-2019 को दिवंगत पार्षद स्वर्गीय राजमणि देवी द्वारा बोर्ड बैठक में पास कराया गया था. जो उनके असामयिक निधन के बाद से रुका हुआ था. वहीं शिलान्यास के दौरान काफी संख्या में वार्ड की जनता मौजूद रही, जिन्होंने दिवंगत पार्षद के प्रति कृतज्ञता जताते हुए उन्हें नमन किया. एक व्यक्ति ने बताया स्वर्गीय राजमणि देवी हमेशा वार्ड की जनता के सुख- दुख में खड़ी रहती थी. आज वार्ड 29 अनाथ हो गया है. भले मेयर साहब दिवंगत पार्षद द्वारा पास कराए गए विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम कर रहे हैं, लेकिन उनमें जो अपना तो था वह मेयर साहब में नजर नहीं आता. आपको बता दें, कि स्वर्गीय राजमणि देवी पिछले 3 टर्म से वार्ड 29 का प्रतिनिधित्व कर रही थी, लेकिन उनके असामयिक निधन के बाद वार्ड की जनता विकास योजनाओं के लिए तरस रही है. इसको देखते हुए पिछले बोर्ड बैठक में मेयर विनोद कुमार श्रीवास्तव को वार्ड 29 के विकास का जिम्मा सौंपा गया है. इसी कड़ी में स्वर्गीय राजमणि देवी द्वारा प्रस्तावित योजनाओं को मेयर धरातल पर उतार रहे हैं. हालांकि स्वर्गीय राजमणि देवी के पुत्र मनमोहन सिंह राजपूत भी पूरे दमखम के साथ लोगों की समस्याओं का अपने स्तर से समाधान करा रहे हैं. कुल मिलाकर वार्ड की जनता को अब अपने लिए चुने हुए जनप्रतिनिधि का इंतजार है. ऐसे में एक तरफ स्वर्गीय राजमणि देवी के पुत्र चुनावी समर में कूदने को तैयार हैं, तो दूसरी तरफ मेयर विनोद कुमार श्रीवास्तव अपने पुत्र को वार्ड 29 से चुनाव लड़ाने का एलान कर चुके हैं. अब ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा, कि वार्ड 29 की जनता अपने दिवंगत पार्षद के सम्मान की रक्षा करती है, या वंशवाद के आगे नतमस्तक होती है. हालांकि इसी वार्ड की जनता ने पिछले 3 टर्म स्वर्गीय राजमणि देवी को यहां से विजय श्री दिलाने का काम किया है.





