
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की बेंद पंचायत के झरिया गांव में बुधवार को देशी शराब के सेवन और बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के लिए महिलाओं ने ग्राम प्रधान सह झामुमो नेता डॉ पंकज महतो की अध्यक्षता में बैठक की. बैठक में महिलाओं ने कहा कि आये दिन शराब की नशे का शिकार महिलायें हो रही है और रात दिन चौक चौराहे पर नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है जिससे आए दिन गांव और घर घर में झगड़ा होता है. महिलाओं ने कहा कि गांव में शराब की बिक्री पर प्रतिबंध होना चाहिए तभी समाज और गांव का विकास होगा. बैठक में निगरानी कमेटी का गठन किया गया. सर्वसम्मति से अध्यक्ष शकुंतला महतो, सचिव उषा महतो, वकुल सबर, मिथिला महतो समेत अन्य सदस्य का चुनाव किया गया. बैठक में निर्णय लिया गया कि गांव में किसी भी व्यक्ति को शराब पीने पर जुर्माना लिया जाएगा और गांव में शराब बिक्री करते पकड़े जाने पर महिला समिति द्वारा कार्रवाई की जाएगी. बैठक के पश्चात महिलाओं ने गांव में रैली निकाल कर गांव का परिभ्रमण कर लोगों को नशे से दुर रहने के प्रति जागरूक किया. रैली में शामिल महिलाएं नारी के ऊपर अत्याचार करना बंद करो, गांव में दारू बेचना बंद करो आदि नारे लगा रही थी. मौके पर वार्ड सदस्य डालिया महतो, झरिया ग्राम संगठन की टुकी सिंहराय, पंम्पा महतो, मिथिला महतो, जवा महतो, लिली महतो, सारथी बेरा, शांति महतो, उमाशंकर महतो समेत अन्य उपस्थित थे.



