
जमशेदपुर : बागबेड़ा में सीपी टोला के निवासी बनारस दास सुबह जब अपने घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले तभी गेट पर कुत्तों की भौंकने की आवाज सुनी. उन्होंने देखा कि एक मोर को कुत्ते नोचने का प्रयास कर रहे थे. तभी गेट खुलते ही मोर बनारस दास के घर में घुस गया, जिसके बाद कुत्तों को वहां से भगाया गया. बनारस दास ने बताया कि मोर का पंख कुत्तों के नोचने से कट गया है. मोर को पकड़ कर उन्होंने खाना-पानी देकर रखा. वहीं इसकी सूचना मिलने के बाद मोर को देखने के लिए उनके घर पर बस्ती के लोगों की भीड़ जुट गयी. वहीं सूचना पाकर वन विभाग की टीम सीपी टोला स्थित बनारस दास के घर पर पहुंची और मोर को अपने कब्जे में लेकर चली गई, जहां उसे चिड़ियाघर में सौंप दिया जाएगा. साथ ही बागबेड़ा थाना को भी सूचित कर दिया गया.



