
जमशेदपुर : जिला प्रशासन, जमशेदपुर ब्लड बैंक तथा रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के सहयोग से चलाये जा रहे प्लाज्मा डोनेशन अभियान में कोविड-19 से संक्रमित लोगों के लिए एक यूनिट प्लाज्मा डोनेशन हुआ. टाटा स्टील के सुमन चक्रवर्ती ने प्लाज्मा डोनेशन अभियान में पांचवी बार अपना प्लाज्मा दान किया. इस अवसर पर जमशेदपुर ब्लड बैंक में रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह, उपसमाहर्ता स्मिता नागेशिया, जमशेदपुर ब्लड बैंक के प्रशासक संजय चौधरी, रेड क्रॉस के प्लाज्मा डोनेशन प्रभारी प्रभुनाथ सिंह ने उपस्थित रहकर प्लाज्मा दाता का उत्साह बढाया एवं उन्हें स्मृति चिन्ह एवं सम्मान पत्र प्रदान किया. रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने कोरोना पर जीत हासिल करने के बाद प्लाज्मा दान कर चुके योद्धाओं से आगे आकर पुनः अपना सैम्पल टेस्ट कराने व प्लाज्मा दान के प्रति उत्साह दिखाने का आग्रह किया है, ताकि जरूरतमंद कोविड-19 के नये मरीजों को समय पर प्लाज्मा उपलब्ध हो सके और उन्हें स्वास्थय लाभ की प्राप्ति हो.













