
चाईबासा : टोन्टो प्रखंड अंतर्गत दोकट्टा के बाईगुटू में रैयतों की एक बैठक हुई। बैठक में चाईबासा के विधायक दीपक बिरुवा ने कहा कि जब तक रैयतों को मुआवजा और उन्हें नौकरी नहीं मिलेगी, तबतक कोई समझौता नहीं होगा। कंपनी प्रबंधन को रैयतों का हक देना ही होगा। रविवार को दोकट्टा के बाईगुटू में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता नीमडीह के मुंडा मानकींद्र बालमुचू ने की। उन्होंने बैठक में एसीसी कंपनी द्वारा मनमाने तरीके से सीमांकन किये जाने का आरोप लगाते हुए इस संबंध में पूरी जानकारी दी और आवश्यक दस्तावेज भी सौंपे। वहीं विधायक दीपक बिरुवा ने अंचल कार्यालय द्वारा दिए जांच प्रतिवेदन की जानकारी दी। बैठक में रैयतों ने अपने हक की लड़ाई में विधायक से साथ देने का आग्रह किया। इस पर विधायक श्री बिरुवा ने रैयतों के हक की लड़ाई मिलकर लड़ने की बात कही। बैठक का संचालन तुराम बिरुली ने किया। बैठक में टोन्टो प्रमुख मंगल तुबिद, मुखिया लक्ष्मी हेस्सा समेत स्थानीय रैयतों ने भी अपने विचार रखे।





