
आदित्यपुर : राज्य में बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए सरायकेला पुलिस- प्रशासन की ओर से जिले में सख्ती बढ़ा दी गई है. जिला प्रशासन द्वारा सब्जी मंडी के दुकानदारों के साथ फुटपाथी दुकानदारों को भी 2 दिन पूर्व जेपी उद्यान में दुकान लगाने की चेतावनी दी थी, लेकिन फुटपाथी दुकानदार अब तक जेपी उद्यान शिफ्ट नहीं हुए थे. इधर शनिवार की शाम एडीसी सुबोध कुमार, आदित्यपुर नगर निगम के अपर आयुक्त गिरिजा शंकर प्रसाद, सीओ मनोज कुमार, थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद महतो ने फुटपाथी दुकानदारों के पास जाकर अंतिम चेतावनी दी और कहा अगर कल से फुटपाथ पर एक भी दुकान दिखा तो धारा 353 लगाकर केस करूंगा, हाइकोर्ट से जाकर लेना जमानत. जिला प्रशासन के लोगों द्वारा बाजार में घूम- घूम कर दी जा रही चेतावनी से दुकानदारों में हड़कंप मच गया और कई ठेले व खोमचे वाले तत्काल ही फुटपाथ खाली कर भाग खड़े हुए. बता दें, कि मुख्य मार्ग पर शेरे पंजाब चौक, पान दुकान चौक, आकाशवाणी चौक, एस टाइप चौक आदि जगहों पर बेतरतीब तरीके से प्रतिदिन ठेले व खोमचे लगाए जाते हैं इससे सड़कों पर भीड़भाड़ लगी रहती है. जिला प्रशासन ने इसे पूरी तरह से बंद करने का आदेश दिया है. वहीं इस दौरान एडीसी के निर्देश पर आदित्यपुर नगर निगम की ओर से दर्जनभर दुकानों एवं राहगीरों पर नियम की अनदेखी करने एवं मास्क नहीं पहने के मामले में जुर्माना किया गया. एडीसी सुबोध कुमार ने बताया, कि जिस तरह कोरोना महामारी लगातार अपना पांव पसार रहा है, उसको देखते हुए हर नागरिक को सचेत होने की जरूरत है. वैसे पिछले दिनों की तुलना में उन्होंने लोगों को अधिक जागरूक होने की बात कही. उन्होंने बताया, कि प्रशासनिक सख्ती के बाद लोग मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे हैं. जो नियमों को नहीं मानते देखे जा रहे हैं उन पर कार्यवाई की जा रही है.














