
चाकुलिया : बंगाल सीमा से सटे प्रखंड की सरडीहा पंचायत के मौराबांधी गांव में लगे 25 केवी का ट्रांसफॉर्मर जल गया है. इस कारण गांव से ग्रामीण विगत कई दिनों से अंधेरे में रहने को विवश हैं. गांव के अनिल सेतुआ, चितरंजन बेरा, मिथुन बेरा, साधन बेरा, बुद्धदेव सेतुआ समेत अन्य ने बताया कि गर्मी में ट्रांसफॉर्मर जल जाने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. गांव में बिजली नहीं होने के कारण लोगों के समक्ष पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गई है. वहीं किसानों के समक्ष फसल की सिंचाई की समस्या उत्पन्न हो गई है. ग्रामीणों ने कहा कि गांव में लगे एकमात्र 25 केवी के ट्रांसफॉर्मर पर अत्यधिक लोड होने के कारण ट्रांसफॉर्मर जल जा रहा है. ग्रामीणों ने विगत दिनों बिजली विभाग कार्यालय पहुंचकर पदाधिकारी को मांग पत्र सौंपकर 100 केवी का ट्रांसफॉर्मर जल्द से जल्द उपलब्ध कराने की मांग की है, परंतु विभाग द्वारा पहल नहीं किये जाने के कारण लोगों में बिजली विभाग के पदाधिकारियों के प्रति रोष है.





