
जमशेदपुर : देशभर में एक मई से 18 वर्ष से ऊपर के लोगों के लिए वैक्सीनेशन अभियान शुरू होने जा रहा है. जमशेदपुर ब्लड बैंक की ओर से ब्लड बैंक में खून की कमी होने की संभावना जताई गई है. इधर मंगलवार को जमशेदपुर महानगर भाजपा की ओर से जमशेदपुर ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर अयोजित कराया गया. इस संबंध में जमशेदपुर महानगर के पूर्व भाजपा अध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया, कि वैश्विक महामारी को देखते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहरवासियों का साथ देने का बीड़ा उठाया है. जमशेदपुर ब्लड बैंक में पिछले साल भी कोरोनावायरस के संक्रमण के दौरान रक्त की कमी हुई थी, जिसके बाद शहर की रक्तदानी संस्थाओं ने आगे बढ़कर ब्लड बैंक की जरूरतों को पूरा किया था. एक बार फिर से जमशेदपुर शहर कोरोना वायरस की चपेट में है, और ब्लड बैंक में खून की कमी होने लगी है. 1 मई से व्यापक स्तर पर वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत होने वाली है, ऐसे में शहर में कही खून की कमी न हो इसको लेकर यह रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है. इसमे भाजपा नेता व कार्यकर्ता बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं.






