
जमशेदपुर : मंगलवार की शाम आम लोगों के बीच उस वक्त कौतूहल का माहौल बन गया, जब एक पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी एक कार का तेज़ी से पीछा करते हुए दिखी. पुलिस ने गोलमुरी के नीलडीह से कार का पीछा किया. पुलिस को सफलता तब हाथ लगी जब कार सोनारी के कपाली बस्ती में सड़क किनारे जा टकराई. पीछे से पुलिस का पेट्रोलिंग वाहन भी कार से जा टकराया. इस घटना में कार सवार दो युवक और एक युवती के अलावा पेट्रोलिंग वाहन में सवार दो पुलिसकर्मी को भी चोट आयी है. सभी घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया. घायलों मे टिनप्लेट नर्मदा रोड निवासी आरिफ, नदीम और बिरसानगर निवासी युवती स्नेहा शामिल है, वहीं गोलमुरी थाना में पदस्थापित एएसआई दिलीप कुमार माझी और एक अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं. बताया जाता है कि आरिफ रांची के लालपुर का निवासी है. वह युवती से मिलने के लिए यहां आया था. (नीचे भी पढ़ें)

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पुलिस हमेशा की तरह पेट्रोलिंग कर रही थी. नीलडीह के पास पुलिस ने पेट्रोलिंग करते हुए सड़क किनारे एक कार को खड़ा पाया. कार के ग्लास में ब्लैक फिल्म लगी हुई थी. पुलिस को शक होने पर वह जब उसके पास गई तो कार चालक पुलिस को देखते ही फरार होने लगा. पुलिस उसका पीछा करने लगी. कार चालक पुलिस को चकमा देते हुए साकची होते हुए सोनारी पहुंचा जहां कपाली बस्ती में सड़क किनारे कार अनियंत्रित होकर जा टकराई. पीछे से पुलिस का वाहन भी टकरा गया. फिलहाल पुलिस सभी को पकड़ कर थाने ले गई है.





