
जमशेदपुर : जमशेदपुर में इन दिनों कोरोना के मामले बढ़ते ही जा रहे है. इनमे पुलिस कर्मी भी शामिल हो रहे है. इस समस्या से निपटने के लिए मंगलवार को एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन ने सार्जेंट मेजर और जिले के डीएसपी के साथ एक बैठक की. बैठक में यह निर्णय लिया गया की पुलिस वेलफेयर फंड से लगभग 3 से 4 लाख रुपए का इस्तेमाल किया जाएगा. फंड के पैसों से पुलिस मास्क, हैंड ग्लव्स, पीपीई कीट और सैनिटाइजर खरीदेगी. (नीचे भी पढ़ें)
एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन ने बताया कि ऐसे कई पुलिसकर्मी हैं जो कोरोना के दौरान काम कर रहे हैं. इसमें ट्रैफिक पुलिसकर्मी, पेट्रोलिंग जवान के अलावा अन्य लोग शामिल हैं. उन्होंने बताया कि सभी को रियूज वाला मास्क दिया जायेगा, ताकि उसे फिर से इस्तेमाल किया जा सके. वहीं वैसे ट्रैफिक के जवान को कड़ी धूप में ड्यूटी कर रहे हैं, उन्हे ग्लूकोज दिया जाएगा. इसके अलावा पुलिस जघन्य अपराध के मामलों में आरोपी की गिरफ्तारी के समय पीपीई किट पहनेगी. उन्होंने बताया कि फिलहाल को जवान संक्रमित हो रहे थे, उन्हे क्वारंटाइन करने की व्यवस्था नहीं थी. अब उन्हें सीटीसी मुसाबनी में क्वारंटाइन किया जायेगा. साथ ही जवानों के परिजनों की सहायता के लिए एक टीम का गठन किया है. यह टीम जवानों के परिजनों की सहायता के लिए बनायी गयी है, ताकि जवानों के परिजनों को किसी भी चीज की आवश्यकता हो तो टीम उनकी सहायता के लिए तैयार रहे.












