
जमशेदपुर: बंगाल की खाड़ी व अंडमान द्वीप से उठने वाला चक्रवाती तूफान संभवत:आज समुद्र तट से टकराएगा. इसके बाद यास नामक तूफान ताकते से साथ मिलकर स्थिति को और भी गंभीर बना सकता है. ऐसे में एहतियात के तौर पर ईस्ट कोस्ट रेलवे ने करीब 74 ट्रेनों को रद्द कर दिया है. इनमें से टाटानगर रेलवे स्टेशन से होकर गुजरने वाली पांच ट्रेनों को 26 मई तक रद्द कर दिया गया है. इनमें पुरी- नयी दिल्ली पुरुषोतम एक्सप्रेस शामिल है, जिसे 24, 25 व 26 मई को रद्द कर दिया गया है. वहीं नयी दिल्ली- पुरी पुरुतोषम एक्सप्रेस को 23, 24 व 25 मई को रद्द कर दिया गया है. इसके अलावा पुरी- आनंद बिहार अप और डाउन ट्रेनों को भी रद्द कर दिया गया है. साथ ही साथ पुरी- ऋषिकेश अप -डाउन ट्रेन को 27 तक रोका गया है जबकि एक स्पेशल ट्रेन का परिचालन 26 तक नहीं होगा. ट्रेनों का परिचालन रोकने के अलावा रेलवे बोर्ड ने चक्रवाती तूफान को लेकर एडवाइजरी भी जारी किया है. जिसके तहत चक्रवाती तूफान के क्षेत्र में पड़ने वाले सभी प्रभावित स्टेशनों को कमजोर स्ट्रक्चर की मरम्मत करने का आदेश दिया है. साथ ही एहतियात के तौर पर स्टेशनों पर पानी की बोतले, खाने का सामान भी इक्ट्ठा करने को कहा है ताकि यदि किसी यात्री ट्रेन को किसी स्टेशन पर रोकना पड़े तो यात्रियों को खाने-पीने की कोई समस्या नहीं हो. वहीं, यात्रियों की सुविधा के लिए जरूरत पड़ने पर हेल्प डेस्क भी तैयार करने का निर्देश दिया गया है.



