
जमशेदपुर: जमशेदपुर में कोरोना महामारी के बीच लगातार स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा जरूरतमंदों की सेवा की जा रही है. भारत में समाजसेवा का काम कर रही एफडीआई हेल्पिंग हैंड्स द्वारा भी अलग- अलग राज्यों में जरूरतमंदों की सेवा की जा रही है.संस्था द्वारा जमशेदपुर के स्लम इलाकों में ये अभियान चलाया जा रहा है. जहां जरूरतमंदों के बीच सूखा राशन उपलब्ध कराया जा रहा है. इनके द्वारा विगत दिनों स्टेशन परिसर में कुलियों के बीच राशन उपलब्ध करवाया गया था. गुरुवार को इनके द्वारा कदमा रामजनम नगर इलाके में घर- घर जाकर सूखा राशन उपलब्ध करवाया गया. यहां ज्यादातर वैसे लोग निवास करते हैं जो दिहाड़ी मजदूरी कर अपना पेट पालते हैं और कोरोना काल में इनके समक्ष रोजगार की समस्या उत्पन्न हो गई है. इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए एफडीआई हेल्पिंग हैंड्स द्वारा 300 घरों में सुखा राशन उपलब्ध करवाया गया. संस्था के सदस्यों ने कहा, कि निरंतर संस्था द्वारा यह अभियान चलाया जाएगा, ताकि कोई भी गरीब भूखा न सोए.















