
जमशेदपुर : मानगो के उलीडीह स्थित बिरसा रोड में बिजली की व्यापक समस्या है. 11000 केवीए का तार जर्जर होकर झूल चुका है. कई बार तार टूट कर गिरा भी है, जिससे बड़ी अनहोनी होने से बची है. हल्की हवा चलती है तो स्पार्क होकर लंबे समय के लिए बिजली गुल हो जाती है. विभाग के अधिकारियों को स्थानीय लोगों ने कई बार इसे दुरुस्त करने के लिए कहा, लेकिन आज तक तार दुरुस्त नहीं किया गया. पुराने तार की ही मरम्मत करा दी जाती है, जिससे खतरा हमेशा के लिए बना रहता है. साथ ही वहां के लोगों को 300 मीटर से 400 मीटर तक सर्विस लाइन अपने घर में लंबे तार से खींच कर लाना पड़ रहा है. बिजली का पोल वहां गाड़ना अति आवश्यक है. स्थानीय लोगों ने भाजपा नेता विकास सिंह को बुलाकर वहां की समस्या से अवगत कराया. मौके में पहुंचकर विकास सिंह ने दूरभाष पर अधिकारियों को इसकी जानकारी दी. अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जल्द सारी समस्या से निजात दिला दी जाएगी. इस दौरान सुरेंद्र प्रसाद, अश्वनी कुमार नेम, शीतल रजक, जीतू गुप्ता, राहुल कुमार, विजय ओझा, राम सिंह कुशवाहा, अजय गोराई, विक्रम बलमुचू, हरे कृष्णा सुंडी समेत अन्य लोग उपस्थित थे.




