
जमशेदपुर : कोरोना की दूसरी लहर के संक्रमण की चेन तोड़ने के उद्देश्य से राज्य भर में बीते 22 मार्च से स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के तहत आंशिक लॉकडाउन लगाया गया था. वहीं राज्य में कोरोना वायरस के संक्रमण की रफ्तार अब धीरे-धीरे कम हो रही है. इसको ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार की ओर से आज से कुछ रियायतें दी गई है. लेकिन जमशेदपुर सहित राज्य के नौ जिलों में दिन के 2:00 बजे के बाद पाबंदियां पूर्ववत ही रहेंगी. इधर जमशेदपुर में कुछ दुकानदार अभी भी सरकारी आदेशों का उल्लंघन करते पाए गए. (नीचे भी पढ़ें)

हालांकि जिला प्रशासन की सख्ती के बाद 2:00 बजे के बाद भी दुकान लगा कर सामान बेच रहे दुकानदारों को जबरन बंद कराया गया. वहीं जिला प्रशासन ने सरकार का आदेश नहीं मानने वाले दुकानदारों को सख्त हिदायत देते हुए दोबारा नियम का उल्लंघन करते पाए जाने पर कार्यवाई किए जाने की चेतावनी दी गई. इस संबंध में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर ने बताया कि चेकेनाको पर सख्ती पूर्व की तरह अभी भी बरकरार है, शहर के भीतर नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है. जो दुकानदार नियमों का उल्लंघन करते पाए जाएंगे उन पर नियम सम्मत कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने आम लोगों से सरकार के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए घरों से बाहर निकलने की अपील की.





