
जमशेदपुरः कोविड क्राइसिस सपोर्ट कैंपेन के तहत 24 जून को अखिल भारतीय असंगठित कामगार कांग्रेस ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कोरोना काल में सबसे ज्यादा प्रभावित वर्ग असंगठित क्षेत्र में कार्य करने वाले मजदूरों को आर्थिक सहायता देने के लिए चिट्ठी लिखी. यह चिट्ठी पूरे देश के जिले में जिला अधिकारी प्रखंड स्तर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी के माध्यम से पीएम को भेजा गया. इसी कड़ी में झारखंड असंगठित कामगार कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शैलेश पांडे ने डीसी कार्यालय में प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा. उन्होंने कहा कि ‘प्यू रिसर्च’ के मुताबिक 2020 में भारत के मध्यम आय वर्ग के 3 करोड़ 20 लाख, निम्न आय वर्ग में और 7.5 करोड़ लोग गरीबी रेखा से नीचे चले गए. सिर्फ दूसरी लहर में ही अप्रैल में 73.5 लाख और मई में 1.5 करोड़ लोग की नौकरियां चली गई. जब ग्लोबल हंगर इंडेक्स 2020 में भारत 107 देशों में 94 वें पायदान पर है तो सरकार की सहायता देने में भूमिका और भी जरूरी हो जाती है. कोरोना महामारी में अगर कोई वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है तो वह है असंगठित क्षेत्र में कार्य कर रहा वर्ग, जिनकी देश की जीडीपी में बहुत ही अहम भूमिका होती है. उन्होंने कहा कि अगर सरकार की मानें तो अगले 6 महीने में पूर्ण टीकाकरण हो जाएगा. ऐसे में सरकार को 6 महीने तक इस प्रभावित लगभग 17 करोड़ लोगों को1000 रुपए प्रति माह देना चाहिए. उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि प्रधानमंत्री इस वर्ग पर ध्यान देंगे और उन्हें नगदी देकर उनकी परिवार को सबलता प्रदान करेंगे. इस मौके पर राजा सिंह राजपूत, आशुतोष सिंह, अभिजीत घोष, ऋषभ श्रीवास्तव, हर्ष आदि मौजूद थे.














