
रांचीः रांची के रॉक गार्डेन सभागार में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई. इस बैठक की अध्यक्षता विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने की. इससे पूर्व प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह ने सभी विधायकों को हिदायत दी कि बैठक में किसी तरह का हो- हंगामा नहीं होना चाहिए. सभी विधायकों को आपसी सामंजस्य के साथ झारखंड के विकास पर ध्यान देना चाहिए.उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी विधायकों को यथासंभव सहयोग करना है ताकि संगठन के प्रति आमजनता के रुझान बढ़े. साथ ही विधायकों को एकजुटता बनाए रखने की अपील भी की. प्रभारी के बातों को ध्यान रखते हुए बैठक की शुरुआत की गयी. बैठक में मुख्य रुप से निर्णय लिया कि पार्टी झारखंड सरकार में 12वें मंत्री पद समेत बोर्ड, निगम पर दावा करेगी. बैठक के बाद ऐसी सभावना जताई जा रही है कि कांग्रेस विधायक का एक प्रतिनिधिमंडल सीएम से मुलाकात करेगा और इस पर विस्तार पूर्वक चर्चा की जाएगी. साथ ही बंधु तिर्की व प्रदीप यादव के कांग्रेस में शामिल होने के मामले में स्पीकर से मुलाकात कर जल्द से जल्द मामले का निपटारा करने का आग्रह भी किया जाएगा. इस दौरान यह भी निर्णय लिया गया कि विकास के मु्द्दे को लेकर सभी विधायक महीने के आखरी सप्ताह में बैठक करेंगे और अपनी समस्याओं के बारे में प्रदेश कांग्रेस को अवगत कराएंगे. इस दौरान यह कहा गया कि विधायक या नेता दिल्ली जाकर आलाकमान से मिल सकते है. इसमें किसी को कोई आपत्ति नहीं है. आपसी समन्वय के साथ कांग्रेस को मजबूत बनाने पर भी सहमति बनी. इस बैठक के दौरान शांति रही. इस दौरान मुख्य तौर पर अंबा प्रसाद और दीपिका पांडेय सिंह पर दर्ज हुए केस को लेकर भी मुख्यमंत्री से बात की जायेगी कि किस तरह विधायकों के खिलाफ केस दर्ज कर दिया जा रहा है. यह गलत है और ऐसे मामले पर लगाम लगाने के लिए भी वे लोग मुख्यमंत्री से मिलेंगे.इस बैठक में झारखंड के सभी विधायक मौजूद थे. सिर्फ दीपिका सिंह पांडेय इस बैठक में उपस्थित नहीं थी, चुंकि उन्हें उत्तराखंड का प्रभार दिया गया है. जिसके कारण वह मौजूद नहीं थी. इस बैठक में डॉ रामेश्वर उरांव, बन्ना गुप्ता, बादल पत्रलेख, पूर्णिमा नीरज सिंह, सोनाराम सिंकू, कुमार जय मंगल, रामचंद्र सिंह,नमन विक्सल कोनगाड़ी, प्रदीप यादव, बंधु तिर्की, अंबा प्रसाद, डॉ इरफान अंसारी, राजेश कच्छप, ममता देवी, उमाशंकर अकेला, भूषण बाड़ा आदि शामिल मौजूद थे.















