
जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे पोटका थाना अंतर्गत हाता स्थित सहाय स्पंज कंपनी के बाहर खड़े एक हाइवा का सह चालक 11 हजार वोल्ट बिजली के तार की चपेट में आकर झुलस गया. घटना शनिवार देर रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है. घटना की सूचना पाकर पोटका पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया पर अस्पताल पहुंचाने के क्रम में ही उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के पुरुलिया निवासी 21 वर्षीय उज्जवल महता के रूप में की गई. पुलिस ने उज्जल के परिजनों को सूचित किया, जिसके बाद परिजन रविवार सुबह एमजीएम अस्पताल पहुंचे. घटना के संबंध में हाइवा चालक मनोज महतो ने पुलिस को बताया कि उज्जवल उसके साथ सह चालक का काम करता था. रात को वे लोग स्पंज कंपनी से निकले था. हाइवा का डीजल खत्म होने के कारण वे लोग सड़क किनारे वाहन खड़ा कर उसमें से गए थे. रात को उज्जवल ने कहा की उसे मच्छर काट रहे हैं वह हाइवा के ऊपर सोने जा रहा है. ऊपर से 11 हजार वोल्ट बिजली का तार गुजर रहा थी जिसकी चपेट में वह आ गया.





